Home अवर्गीकृत मुख्यमंत्री ने क्षतिग्रस्त खेती का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने क्षतिग्रस्त खेती का किया निरीक्षण

0

 अकोला, 3 दिसंबर – अक्टूबर के महीने में हुई बैमौसम  बारिश ने अकोला जिले की फसलों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया है।  मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज क्षतिग्रस्त क्षेत्र का निरीक्षण किया। किसानों के खेतों में जाकर, मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया।  केंद्रीय मानव संसाधन, सूचना और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री संजय धोत्रे, पालक मंत्री  डॉ. रणजीत पाटिल, विधायक गोवर्धन शर्मा, रणधीर सावरकर, प्रकाश भारसाकले, महापौर विजय अग्रवाल, जिलाधिकारी जितेंद्र पापलकर एवं अन्य उपस्थित थे।

अपने इस निरीक्षण दौरे में , मुख्यमंत्री फडणवीस ने लाखनवाड़ा में संजय त्र्यंबक अघडते के खेत का दौरा किया।  उनके चार एकड़ कपास के खेतों को नुकसान पहुंचा है।  अघडते के खेत में उन्होंने क्षतिग्रस्त सोयाबीन को देखा।  इसके सामने ही केशव नामदेव गावंडे के खेत में खड़ी ज्वार के दाने बारिश की वजह से अंकुरित हो गये हैं। इसी तरह, मनोहर गावंडे के खेत में सोयाबीन बारिश के कारण खराब हो गया है।  इस अवसर पर श्री फड़नवीस ने किसानों से पूछताछ की और उन्हें मदद का आश्वासन दिया।

 इसके बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने कापशी रोड पर गोपाल राउत के खेत का दौरा किया। गोपाल राउत ने अपने खेत से सोयाबीन की कटाई की थी। उन्होंने  अपने खेत में स्थित  टीन के शेड में फसल के ढेर लगाए थे।  लगातार बेमौसम बारिश के कारण, सोयाबीन की फलियों में दाने उग आए और टिन शेड  गल जाने के कारण बारिश के पानी से पूरी सोयाबीन फसल खराब हो गयी। 

मुख्यमंत्री ने चिखलगांव में कृष्णकांत नारायणराव तिवारी की कपास की फसल और विनोद नामदेव थोरात की सोयाबीन की फसल का निरीक्षण  किया।  अपने वापसी दौरे में मुख्यमंत्री फडणवीस म्हैसपुर फाटा  पर इकट्ठा हुए किसानों से मिले और उनकी बात सुनी तथा उन्हें आश्वस्त किया।