Home नवीनतम समाचार यूपी : तड़प-तड़प कर दम तोड़ रहे हैं चमगादड़

यूपी : तड़प-तड़प कर दम तोड़ रहे हैं चमगादड़

नई दिल्‍ली: देश में लोग कोरोना के खौफ के साये में जी रहे हैं तो वहीं यूपी के गोरखपुर में कोरोना के साथ-साथ एक और डर लोगों को सता रहा है। गोरखपुर में अचानक सैंकड़ों चमगादड़ों की मौत से हड़कंप मच गया है। सैकड़ों चमगादड़ों के शव मिलने के बाद इलाके में खौफ का माहौल है।

आम के बगीचे में लोगों को दूर से जमीन पर कुछ काले रंग की बिखरी चीजें नजर आई, पास जाकर देखा तो आंखें फटी रह गईं। बगीचे में चारों तरफ चमगादड़ों की लाशें बिखरी पड़ी थीं। ऊपर देखा तो पेड़ पर भी चमगादड़ों के शव लटके थे। कुछ लोगों की आंखों के सामने ही जमीन पर आकर गिर रहे थे तो कुछ जमीन पर पड़े तड़प रहे थे। चमगादड़ों के मरने की ये घटना गोरखपुर के पास खजनी रेंज के बेलघाट गांव की है। चमगादड़ों की मौत के बाद लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग घरों में कैद हो गए हैं।

लोगों ने कहा कि उन्हें डर है कि कहीं किसी वायरस की वजह से तो चमगादड़ों की मौत नहीं हुई। वहीं लोगों को ये डर भी सता रहा है कि चमगादड़ों के मरने के बाद कहीं कोई वायरस न फैल जाए। डरे सहमे गांव के लोगों ने पुलिस और प्रशासन को चमगादड़ों के मरने की सूचना दी। चमगादड़ों की मौत कैसे हुई ये कोई नहीं बता पा रहा है। माना जा रहा है कि तेज धूप और गर्मी से चमगादड़ों की मौत हुई है। फिलहाल चमगादड़ों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बरेली भेज दिया गया है।

गांव में जिस बगीचे में चमगादड़ों की मौत हुई है, उसके आसपास तालाब और पानी के सारे श्रोत सूखे हुए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि चमगादड़ों प्यास की वजह से ही दम तोड़ा हो, लेकिन चमगादड़ों की मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम के बाद ही सामने आएगी।