Home नवीनतम समाचार विष्णु दत्त शर्मा मध्य प्रदेश के नए बीजेपी अध्यक्ष, केरल और सिक्किम में भी बदली गई कमान

विष्णु दत्त शर्मा मध्य प्रदेश के नए बीजेपी अध्यक्ष, केरल और सिक्किम में भी बदली गई कमान

0

मध्य प्रदेश भाजपा के महासचिव एवं खजुराहो लोकसभा सीट के सांसद विष्णु दत्त शर्मा (49) मध्यप्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष बनाए गए हैं। इसके अलावा के सुरेंद्रण को केरल बीजेपी, दल बहादुर चौहान को सिक्किम बीजेपी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शनिवार को एक विज्ञप्ति जारी कर इसकी आधिकारिक घोषणा की।

विष्णु दत्त शर्मा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह की जगह लेंगे। सिंह मध्यप्रदेश के जबलपुर से सांसद हैं। उन्हें केन्द्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह का दाहिना हाथ माना जाता है। राज्य के राजनीतिक गलियारों में अनुमान लगाया जा रहा था कि राकेश सिंह को फिर से मध्यप्रदेश भाजपा की कमान सौंपी जा सकती है। उन्होंने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के समर्थन में पिछले महीने अपने लोकसभा क्षेत्र जबलपुर में एक विशाल रैली का आयोजन किया था।

हालांकि, भाजपा नेतृत्व ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए शर्मा को चुना। पार्टी के इस कदम ने भाजपा के कई नेताओं को आश्चर्यचकित किया है। विष्णु दत्त शर्मा पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में वीडी शर्मा के नाम से जाने जाते हैं। वह संघ के करीबी माने जाते हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से की थी। एबीवीपी को 1990 के दशक में मध्यप्रदेश में मजबूत करने का श्रेय उन्हीं को जाता है।

शर्मा एबीवीपी के राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं। वह वर्ष 2013 में भाजपा में आए इस पद पर उनकी नियुक्ति के बाद भाजपा नेतृत्व ने मध्यप्रदेश में दूसरा महत्वपूर्ण पद ब्राह्मण नेता को सौंपा है। इससे पहले पार्टी ने गोपाल भार्गव को मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया है।