Home अपराध स्कूल ना जाने के लिए बच्चे ने बनाई ऐसी कहानी, लोगों से लेकर पुलिस ने छान डाला पूरा मोहल्ला

स्कूल ना जाने के लिए बच्चे ने बनाई ऐसी कहानी, लोगों से लेकर पुलिस ने छान डाला पूरा मोहल्ला

0

इरादतनगर(आगरा) :अभी तक कोई बच्चा चोर पकड़ा नहीं गया है। अफवाहों से दहशत का माहौल है। मंगलवार को एक छात्र ने बच्चा चोर महिला का हल्ला मचा दिया। वह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। सूचना पर आई पुलिस को जांच में कुछ नहीं मिला। पुलिस का दावा है कि छात्र ने अपने मन से कहानी बनाई थी। वह स्कूल नहीं जाना चाहता था। हालांकि घरवाले बच्चे की बात को सही मान रहे हैं। यह मामला उत्तर प्रदेश के आगरा का है।
 
यह घटना इरादतनगर के गांव करोंधना खुर्द की है। निसार का 11 वर्षीय पुत्र मोनू कक्षा पांच का छात्र है। वह गांव के पास ही श्रीहरीकंठ प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता है। सुबह अकेले पढ़ने जा रहा था। कुछ देर बाद वह घबराता हुआ घर पहुंचा। घरवालों से कहा कि खेत के पास दो महिलाओं ने उसे पकड़ लिया। खींचकर चरी में ले गईं। चाकू से उसका पेट काटना शुरू कर दिया। वह किसी तरह उनसे छूटकर घर आया। घरवालों ने मोनू के पेट पर खरोंच के निशान देखे। वे घबरा गए। गांव में हल्ला मच गया। ग्रामीण जमा हो गए। लोग लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंचे। 

खेत पर काफी खोजबीन की लेकिन महिलाओं का कुछ पता नहीं चला। इरादतनगर थाना पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने भी काफी पड़ताल की। पुलिस ने बताया कि बच्चे के शरीर पर खरोंच के निशान है। कोई गंभीर चोट नहीं है। महिलाओं द्वारा उसको पकड़ने की बात संदिग्ध है। कुछ ग्रामीणों का भी कहना है कि बच्चा शरारती है। संभव है कि स्कूल न जाने के लिए उसने महिला बच्चा चोर की कहानी बनाई हो। पुलिस का कहना है कि बच्चे के पेट पर जो खरोंच है वह चाकू के नहीं है। बच्चे की खाल मुलायम होती है। चाकू लगता तो गहरा जख्म होता। इधर घरवालों का कहना है कि मोनू की बात सही है। उसको महिला बच्चा चोर ने पकड़ने की कोशिश की है। 
 

बच्ची को छोड़कर भागा भिखारी 
इरादतनगर। थाना इरादतनगर के अंतर्गत गढ़ी शीशाराम में दोपहर संगीता पत्नी बनवारी खाना बना रही थी। उसकी सात माह की छोटी बेटी चारपाई पर सो रही थी। संगीता के अनुसार एक भिखारी उसकी बच्ची को उठाकर ले जाने लगा। संगीता के शोर मचाने पर वह बच्ची को छोड़कर भाग गया। इस घटना के बाद संगीता बेहोश हो गई। गांव वालों ने भिखारी को काफी खोजा लेकिन उसका पता नहीं चला। पुलिस ने इस शिकायत पर भी छानबीन की मगर कुछ पता नहीं चला। ऐसी सूचनाएं लगातार पुलिस के पास आ रही हैं। खास बात यह है कि एक भी घटना पुष्ट नहीं हो पा रही है।