Home नवीनतम समाचार क्लास में मैथ पढ़ाते टीचर के साथ हुआ कुछ ऐसा, चली गई जान

क्लास में मैथ पढ़ाते टीचर के साथ हुआ कुछ ऐसा, चली गई जान

0

धारचूला के जीआईसी कालिका में छात्रों को पढ़ा रहे गणित के शिक्षक को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। गंभीर हालत में हायर सेंटर ले जाते समय उनकी मौत हो गई। जालौन (यूपी) निवासी शिक्षक की मौत से सीमांत क्षेत्र में इलाज के इंतजामों की कलई खुल गई है। शनिवार को जीआईसी के प्रवक्ता धरमराज भट्ट ने बताया कि शुक्रवार दोपहर गणित के शिक्षक अरुण कुमार दुबे (54) कक्षा में बच्चों को पढ़ा रहे थे। इस बीच उन्हें दिल का दौरा पड़ा। सीने में तेज दर्द होने पर साथी शिक्षक उन्हें सीएचसी धारचूला ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। देर शाम वह जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। 

इस पर साथी बीमार दुबे को एंबुलेंस से हल्द्वानी के लिए निकले। लमगड़ा के पास तबीयत ज्यादा बिगड़ने से दुबे की मौत हो गई। शिक्षक अरुण कुमार दुबे के शव को परिजन पैतृक गांव उरई, जिला जालौन ले गये। दुबे 22 साल से धारचूला के अलग-अलग स्कूलों में तैनात थे। उनके साथ यहां उनकी पत्नी रहती थी। सरल और मृदु स्वभाव के दुबे की मौत से विद्यालय और क्षेत्र में शोक की लहर है। पहाड़ में पुख्ता इलाज के इंतजाम नहीं

विद्यालय के प्रवक्ता धरमराज भट्ट ने बताया कि दुबे को समय रहते सीएचसी धारचूला और बाद में जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया था। लेकिन दोनों जगह इलाज के पुख्ता इंतजाम नहीं मिले। इसीलिए वह 10 घंटे  जिंदगी के लिए जूझते रहे। इन्हीं इंतजामों की अभाव में सरकारी कर्मचारी यहां रहना नहीं चाहते।