Home समाचार अंतरराष्ट्रीय इमारत हादसे में 28 लोगों की मौत के बाद कंबोडिया ने चार चीनी नागरिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया

इमारत हादसे में 28 लोगों की मौत के बाद कंबोडिया ने चार चीनी नागरिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया

सिहानुकविल (कंबोडिया): कंबोडिया की एक अदालत ने एक निर्माणाधीन इमारत के ढहने से 28 कर्मचारियों की मौत के बाद चार चीनी नागरिकों को आरोपित किया है। प्रीह सिहानुक प्रांतीय अदालत ने कहा कि निर्माणाधीन स्थल के मालिक पर गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाया गया है।

जबकि तीन अन्य चीनी नागरिकों पर साजिश का आरोप लगाया गया है। चारों को सुनवाई पूर्व हिरासत में रखा गया है। इन आरोपों के लिए दोषी करार दिए जाने पर उन्हें तीन साल कैद तक की सजा हो सकती है। इस निर्माणाधीन इमारत में काम करने वाले मजबूर रात को वहीं सोते भी थे।

शनिवार को जब मजदूर दूसरी मंजिल पर सोए थे तभी इस सात मंजिला इमारत का ऊपरी हिस्सा गिर गया, जिसमें वे दब गए।राहतकर्मियों ने सोमवार को मलबे से दो मजदूरों को जीवित निकाला था। एक शव भी बरामद किया था। इस हादसे में 28 लोगों की मौत हुई है जबकि 26 घायल हुए हैं।