Home अवर्गीकृत लोकसभा ने प्रश्नकाल में सभी 20 सवाल पूरे कर रचा इतिहास

लोकसभा ने प्रश्नकाल में सभी 20 सवाल पूरे कर रचा इतिहास

0

लोकसभा ने बुधवार (27 नवंबर) को प्रश्नकाल में सभी 20 सवालों के जवाब देकर नया रिकॉर्ड बनाया। संभवत: यह पहला मौका है, जब संसद के निचले सदन में प्रश्नकाल में सभी सवाल लिए जा सके हैं। लोकसभा अध्यक्ष ने इस उपलब्धि के लिए सभी को बधाई दी।

अध्यक्ष की अपील रंग लाई
बुधवार को सदन की शुरुआत होते ही लोकसभा अध्यक्ष ने इसकी मंशा जताई कि हम सभी 20 सवाल पूरे करने की कोशिश करेंगे। उनकी इस अपील का असर हुआ और प्रश्नकाल में एक घंटे के अंदर प्रश्न संख्या 121 से 140 तक के सभी 20 मौखिक सवाल लिए गए। 

जवाब सभापटल पर रखे
कुछ सदस्य जिनके नाम के सामने प्रश्न अंकित थे, सदन में अनुपस्थित थे। उनके जबाब भी सभापटल पर रखे गए। 

1972 से प्रश्नकाल में शामिल हो रहे 20 सवाल
1972 में पांचवीं लोकसभा के चौथे सत्र से हर प्रश्नकाल में तारांकित प्रश्नों की सूची में सवालों की संख्या 20 सीमित कर दी गई थी। 

पहली लोकसभा में सर्वाधिक सवाल पूछे गए
एक प्रश्नकाल में मौखिक रूप से सर्वाधिक 45 सवाल 15 मार्च 1955 को पहली लोकसभा के नौवें सत्र में पूछे गए थे।

वेंकैया ने तारीफ की
वैंकैया नायडू ने कहा, आज जिस तरह काम हुआ, जिस तरह सदस्यों ने अपनी बात रखी, मैं उससे बहुत प्रसन्न हूं। मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता। हर दिन इसी तरह काम होना चाहिए।

प्रश्नकाल में पूछे गए प्रमुख प्रश्न
1. कोयला उत्पादन में कमी के क्या कारण हैं? इसका बिजली उत्पादन पर क्या असर पड़ेगा? : मीनाक्षी लेखी
2. क्या सेना में भर्ती राज्यों की जनसंख्या के आधार पर की जाती है? यह नियम कब से चला आ रहा है? : हरीश द्विवेदी
3. कितने गांव और ग्रामीण इंटरनेट व ब्रॉडबैंड सेवा से वंचित हैं? इसके क्या कारण हैं? : कृपाल बालाजी तुमाने
4. क्या रेलवे की भर्ती परीक्षाओं में कन्नड़ सहित अन्य स्थानीय भाषाओं के प्रयोग के लिए कोई अभ्यावेदन आया है? : डीके सुरेश, नलिन कुमार कटील
5. क्या यमुना में रेत खनन प्रतिबंधित करने के लिए सरकार के पास कोई प्रस्ताव है? अगर नहीं तो इसके क्या कारण हैं? : मनोज तिवारी
6. राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) बनाने के लिए राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण कार्यालय (एनएसएसओ) का केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय (सीएसओ) में विलय की क्या स्थिति है? : शशि थरूर
7. क्या रेल मंत्रालय ने दिल्ली-रेवाड़ी रेल लाइन पर यातायात दबाव से निपटने के लिए अधिक ट्रेन चलाने को सिग्नलिंग प्रणाली में सुधार के कोई कदम उठाए हैं? : धर्मवीर सिंह
8. क्या जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाए जाने के बाद पाकिस्तान भारत के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहा है? अंतरराष्ट्रीय समुदाय क्या इस दुष्प्रचार की भर्त्सना कर रहा है? : गोपाल शेट्टी
9. क्या सरकार ने रक्षा अंतरिक्ष अनुसंधान एजेंसी की स्थापना कर ली है? क्या भारतीय उपग्रहों को दुश्मन देशों के हमले से बचाने की क्षमता विकसित कर ली गई है? : साजदा अहमद
10. क्या भारत में ‘एक देश, एक मतदाता सूची’ तैयार करने के लिए सरकार ने कोई कदम उठाए हैं? : विनोद कुमार सोनकर